अनुराग ठाकुर से मिला संघर्ष समिति का शिष्टमंडल: गुरू शरण परमार, अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में आज आयुश मंत्रालय दिल्ली में सचिव से मिलेगा शिष्टमंडल
जोगिंद्रनगर, उमेश कुमार।
क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र जोगिंद्रनगर (आर.सी.एफ.सी) बचाओ संघर्ष समिति का शिष्टमंडल रविवार को हमीरपुर के तरकवाड़ी में सांसद अनुराग ठाकुर से मिला तथा उनके पास ये प्रस्ताव रखा कि आर.सी.एफ.सी जोगिंद्रनगर के सोलन स्थानांतरण को लेकर केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव गणपत राव जाधव के पास हमारा पक्ष रखने के लिए हमारे साथ चलें। संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरू शरण परमार ने बताया कि अनुराग ठाकुर ने उसी समय फोन के माध्यम से आयुश मंत्रालय दिल्ली में बात की जहां से शिष्टमंडल को सोमवार को दिल्ली में आयुश मंत्रालय में सुबह 11 बजे मिलने का समय दिया गया। परमार ने बताया कि शिष्टमंडल साेमवार को अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में आयुश मंत्रालय के सचिव से मिलकर अपनी बात रखेगा। आर.सी.एफ.सी को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन रविवार को 11वें दिन में प्रवेश कर गया। दसवें दिन अनशन पर बैठे बनौण वार्ड के वार्ड सदस्य लवनीत राणा, बल्ह पंचायत से विजय ठाकुर, रोपड़ी कलेहड़ू पंचायत से नागेश राणा और यौरा पंचायत से विवेक कुमार के बाद 11वें दिन आशीष ठाकुर ग्राम पंचायत स्पैड़ू, भरत ठाकुर व्यवसायी भराडू, सुमीत गुप्ता,प्रवीण ठाकुर व साहिल ठाकुर ने क्रमिक अनशन को आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी ली। अनुराग ठाकुर से हमीरपुर में मिले शिष्टमंडल में जिप भडयाडा कुशाल भारद्वाज, नप पूर्व उपाध्यक्ष प्यार चंद ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर व दमनदीप मौजूद रहे।