फिरोजाबाद: जले हुए ट्रैक मेंटेनेंस कैंपिंग कोच का DRM ने किया निरीक्षण, 40 मिनट तक अधिकारियों में मचा हड़कंप!
शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर छह दिन पहले हुए भीषण अग्निकांड के मामले में प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल शुक्रवार को ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचे। 'परख स्पेशल सैलून' से शिकोहाबाद पहुंचे डीआरएम ने लगभग 40 मिनट तक जले हुए ट्रैक मेंटेनेंस कैंपिंग कोच का बारीकी से निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही को लेकर अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की।
बता दें कि बीते 12 सितंबर को शिकोहाबाद स्टेशन के पास खड़े ट्रैक मेंटेनेंस कैंपिंग कोच में अचानक भीषण आग लग गई थी, जिससे पूरा कोच जलकर राख हो गया था। घटना के दौरान कोच में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया था, जिसकी चपेट में आकर राहुल नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जले हुए कोच के अवशेषों को देखा और जांच समिति से आग लगने के तकनीकी कारणों का ब्योरा मांगा। इसके बाद उन्होंने पास में खड़े अन्य कैंपिंग कोचों का भी मुआयना किया, जहां उन्होंने ट्रैक मेंटेनेंस मशीनों, औजारों और फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच की। डीआरएम के कड़े रुख को देखकर मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गहन जांच-पड़ताल के बाद डीआरएम अपने स्पेशल सैलून से मैनपुरी के लिए रवाना हो गए।
#Shikohabad #Firozabad #RailwayNews #DRMInspection #IndianRailways #BreakingNews #ShikohabadNews