नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश, हर माह पांच लोगों को नशे से मुक्त कराने का लक्ष्य
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा, नशा मुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता, उपचार एवं पुनर्वास की स्थिति की समीक्षा की गई।
डीएम ने नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक माह कम-से-कम पांच लोगों को नशा मुक्त कराने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराने तथा उपचार के बाद पुनर्वास एवं सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं की भी समीक्षा हुई। बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण के लिए गठित स्क्रीनिंग समिति के समक्ष 37 आवेदन प्रस्तुत किए गए। पात्र आवेदनों की जांच एवं स्क्रीनिंग की प्रक्रिया जारी है।
डीएम ने दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के साथ सभी सरकारी कार्यालयों में आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर और रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दिव्यांगजनों के कार्यालय आने और उनके कार्यों के निष्पादन का समुचित अभिलेख रखने एवं नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक में डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, डीईओ यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 12, 2026