दुर्गा स्थान में हथियार लहराकर फायरिंग, दो युवक घायल; पुलिस की कार्रवाई तेज , आर्केस्ट्रा में विवाद के बाद गोलीबारी, वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान मुंगेर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर दुर्गा स्थान में जागरण के नाम पर आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। इस घटना में गोली लगने से आशीष कुमार घायल हो गए, जबकि करण कुमार भी धारदार हथियार के हमले में घायल हुए हैं। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद गोलीबारी और हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।