विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ मुरैना से छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुईं सेवा ज्योति कलश यात्राएं
मुरैना। जनसेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को कृषि उपज मंडी, मुरैना में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति कलश यात्राओं को रवाना किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुना। इस दौरान विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रत्येक नागरिक का साझा संकल्प है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों को विकसित भारत निर्माण का संकल्प दिलाया।
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।
सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2047 तक देश को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सेवा ज्योति यात्राओं को सेवा भावना और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुईं सेवा ज्योति कलश यात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत-2047 का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगी। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विधायक सबलगढ़ सरला रावत, महापौर शारदा सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह, पूर्व विधायक बलवीर डंडोतिया, रघुराज सिंह कंषाना, सूबेदार सिंह रजौधा, राकेश मावई, कमलेश जाटव, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता, पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।