कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशन में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग, धार द्वारा जिला आयुर्वेद चिकित्सालय, धार में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं आयुर्वेद प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रखी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार तथा रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार मेडा, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा महेश बोडाने एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ किया गया। भगवान धन्वंतरि का स्मरण करते हुए अतिथियों ने आयुर्वेद को भारतीय चिकित्सा परंपरा की समृद्ध एवं महत्वपूर्ण धरोहर बताया। धन्वंतरि पूजन के पश्चात अतिथियों द्वारा कन्या पूजन भी किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों की रोकथाम तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आमजन से दैनिक जीवन में आयुर्वेद आधारित स्वस्थ आदतों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती वर्मा ने उपस्थित जनों को आयुर्वेद की प्रतिज्ञा भी दिलाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार मेडा ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता आवश्यक है। आयुर्वेद में वर्णित आहार-विहार और दिनचर्या को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा महेश बोडाने ने आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा तथा उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। डॉ. रमाकांत मुकुट एवं अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में आयुर्वेद के महत्व तथा स्वस्थ जीवन में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला चौहान ने आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने आमजन से आयुष विभाग की स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क जांच भी की गई। आमजन को आयुष काढ़े का वितरण किया गया। साथ ही पेंशनरों एवं रोगियों को अतिथियों द्वारा औषधि किट वितरित की गई।
आयुर्वेद प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति, औषधीय पौधों, स्वस्थ जीवनशैली, आहार-विहार तथा विभिन्न आयुष पद्धतियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
65 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026