कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में बैंकिंग गतिविधियों, ऋण प्रवाह तथा विभिन्न शासकीय प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अखिलेश कुमार जैन, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्री अंकुश सिन्हा, अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया धार श्री बलराम बैरागी, डीडीएम नाबार्ड श्रीमती सौदामिनी माईणकर सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में वार्षिक साख योजना (ACP) 2026-27 के अंतर्गत प्रथम तिमाही तक निर्धारित लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई। जिले के साख-जमा अनुपात (CD Ratio) में वृद्धि के लिए कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए कृषि, एमएसएमई, स्वरोजगार एवं प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण प्रवाह को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर श्री मीना ने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, एनपीएस वात्सल्य एवं सुकन्या समृद्धि योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए बैंक एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में पशुपालन विभाग की डेयरी केसीसी, आचार्य विद्यासागर योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, मत्स्य पालन, उद्यानिकी की खाद्य प्रसंस्करण योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, संत रविदास योजना, टंट्या मामा योजना, बिरसा मुंडा योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री मीना ने शासकीय प्रायोजित योजनाओं में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत किया जाए। बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और ऋण वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर श्री मीना ने सभी बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ऋण प्रवाह में वृद्धि से जिले में स्वरोजगार, कृषि, उद्यमिता तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और वित्तीय विकास को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
Jansampark Madhya Pradesh
75 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026