भाजपा से इस्तीफे के बाद सिंघी राम की अगली सियासी चाल क्या होगी? उपचुनाव में फिर ठोकेंगे ताल या तीसरे मोर्चे का थामेंगे दामन?
रामपुर की राजनीति में फिर हलचल, छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री के इस्तीफे ने बढ़ाई चर्चाएं; नंद लाल के निधन के बाद संभावित उपचुनाव में हो सकती है नई सियासी तस्वीर
रामपुर। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में इन दिनों रामपुर विधानसभा क्षेत्र को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पूर्व मंत्री एवं रामपुर से लगातार छह बार विधायक रहे सिंघी राम ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने चार पंक्तियों के इस्तीफे में पार्टी छोड़ने के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, उनके इस्तीफे की टाइमिंग ने कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिंघी राम वर्ष 1982 से 2003 तक लगातार छह बार रामपुर के विधायक रहे हैं। कांग्रेस में लंबी राजनीतिक पारी खेलने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा था, लेकिन अब भाजपा से भी उनका मोहभंग हो गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सिंघी राम एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं या फिर किसी तीसरे मोर्चे के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू करेंगे?
नंद लाल के निधन के बाद रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की संभावना के बीच सिंघी राम के इस्तीफे को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है। चर्चा यह भी है कि यदि सिंघी राम की चुनावी वापसी होती है तो इसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ज्यादा वीरभद्र सिंह परिवार की भूमिका अहम हो सकती है। अब सबकी निगाहें लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर टिकी हैं कि वह इस राजनीतिक समीकरण को किस दिशा में लेकर जाते हैं।