छतराड़ी जातर में ललित ठाकुर के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवाल
पंचायत की पुरानी मांगें पूरी करवाने में भूमिका का हवाला, ललित ठाकुर ने कहा—एक सप्ताह पहले सूचना मिलती तो कार्यक्रम रद्द कर मेले में पहुंचता।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो छतराड़ी,
राज्य स्तरीय दर्जा प्राप्त छतराड़ी जातर मेले के आयोजन से पहले एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है कि मेले की मुख्य अतिथि सूची में ललित ठाकुर का नाम शामिल नहीं है। पोस्ट में छतराड़ी पंचायत की विभिन्न मांगों को पूरा करवाने में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया गया है।
पोस्ट के अनुसार, गैर-जनजातीय क्षेत्र की छतराड़ी पंचायत में बैंक शाखा खुलवाने तथा एलएडीए प्रभावित पंचायतों के खातों में सहायता राशि पहुंचाने की दिशा में ललित ठाकुर ने प्रयास किए हैं। इसी आधार पर उन्हें मेले में उचित सम्मान दिए जाने की बात कही गई है।
इस संबंध में ललित ठाकुर ने बताया कि पंचायत के उपप्रधान का फोन उन्हें एक-दो दिन पहले आया था। उन्होंने कहा कि वह काम के सिलसिले में शिमला में हैं और इतनी कम सूचना में कार्यक्रम में शामिल होना संभव नहीं है। उनका कहना था कि यदि उन्हें एक सप्ताह पहले जानकारी दी जाती तो वह शिमला का अपना कार्यक्रम रद्द कर मेले में शामिल होना अपना गौरव समझते।
वहीं, ग्राम पंचायत छतराड़ी के उपप्रधान मोनू शर्मा ने बताया कि उन्होंने ललित ठाकुर को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित करने की सूचना दी थी, लेकिन वह जिला से बाहर होने के कारण समयाभाव में शामिल नहीं हो पाए।
मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के मुख्य अतिथि:
पहली सांस्कृतिक संध्या — सुरजीत शर्मा भरमौरी, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी चंबा
दूसरी सांस्कृतिक संध्या — जियालाल कपूर, पूर्व विधायक भरमौर-पांगी
तीसरी सांस्कृतिक संध्या — केवल सिंह पठानिया, उपमुख्य सचेतक
चौथी सांस्कृतिक संध्या — डॉ. जनक राज, विधायक भरमौर-पांगी
समापन समारोह — अमित भरमौरी, महासचिव, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी
Dharwala, Chamba | Sep 19, 2026