दीपावली और धनतेरस पर बिक्री के लिए दुकान में सजाकर रखा था सामान, त्योहार से पहले ही चोरों ने कर दिया हाथ साफ।
घटना हरदिया बाजार में ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी, सोना-चांदी समेत तीन लाख के सामान ले उड़े अज्ञात चोर
दुकान से अलमारी उखाड़कर चार सौ मीटर दूर फेंका, सुबह हुई चोरी की जानकारी,चोरी की सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ और थानाध्यक्ष, चलंत फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
दुकानदार संजय प्रसाद सोनी को करीब तीन लाख रुपये की क्षति, इलाके में चोरी से दहशत
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया बाजार स्थित पोखरा के पास अज्ञात चोरों ने रवि ज्वेल्स दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। चोर दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी, सोने के आभूषण, बर्तन, पांच ड्रम सेट समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी सोमवार की सुबह दुकानदार को हुई। घटना में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दुकान के मालिक संजय प्रसाद सोनी, पिता शंकर सोनी, बिहिया थाना क्षेत्र के बेलवानिया गांव के निवासी हैं। उनकी दुकान हरदिया बाजार में मकान मालिक किशोर पासवान के मकान में संचालित होती है। बताया जाता है कि अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान को निशाना बनाया और चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद दुकान की अलमारी को उखाड़कर करीब चार सौ मीटर दूर फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी दिनेश पांडेय और पंचायत के मुखिया पति लाल भूषण पंडित मौके पर पहुंचे। समाजसेवी दिनेश पांडेय ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ और जगदीशपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। वहीं, चलंत फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही अज्ञात चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है।