छठिया घाट की सुंदरता बढ़ाने में जुटा नगर पंचायत प्रशासन, रंग-रोगन और सफाई शुरू
छठ व्रतियों की सुविधा के लिए जगदीशपुर नगर पंचायत की खास तैयारी, चेंजिंग रूम से लेकर रोशनी और सुरक्षा तक के होंगे इंतजाम : संतोष यादव
जगदीशपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जगदीशपुर नगर में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से नगर के शिवजी पोखरा सह छठ घाट की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। सुंदरता बढ़ाने के लिए रंग-रोगन और पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है। घाट परिसर की दीवारों और आसपास के हिस्सों को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष यहां हजारों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार घाट पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। नगर पंचायत की मुख्य पार्षद संतोष यादव ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। घाट पर व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। पर्याप्त रोशनी के लिए चारों तरफ लाइट लगाई जाएगी। तालाब में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। इसके अलावा घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा रंग-रोगन का कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो। व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।