संविधान दिवस पर चंदौसी में पत्रकारों का सम्मान, लोकतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता पर हुई चर्चा
आराध्या वूमेन एंड चाइल्ड वेलफेयर एसोसिएशन हर वर्ष करती है पत्रकार सम्मान समारोह
चंदौसी (सम्भल)। संविधान दिवस के अवसर पर आराध्या वूमेन एंड चाइल्ड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से महिंद्र रेस्टोरेंट में पत्रकार सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों को उनके सामाजिक योगदान, जनहित के मुद्दों को उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा हुई। पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित को पत्रकारिता की प्राथमिकता बताया।
संस्था की अध्यक्ष पूनम अरोड़ा ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को आवाज देकर सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं सचिव डॉ. दुर्गा टंडन ने पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूत आवाज बताते हुए इसकी गरिमा और जिम्मेदारी बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूनम अरोड़ा, डॉ. दुर्गा टंडन, अनु, मीनू आहूजा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Chandausi, Sambhal | Nov 26, 2026