मानसून के दौरान ग्रामीण पेयजल स्त्रोतों का क्लोरीनेशन अभियान जारी
---
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार मानसून सत्र के दौरान जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड टीकमगढ़ द्वारा विशेष क्लोरीनेशन अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत हैडपंपों एवं कुओं सहित पेयजल स्त्रोतों का निर्धारित मानकों के अनुसार क्लोरीनेशन किया जा रहा है, ताकि मानसून के दौरान दूषित जल से होने वाली बीमारियों जैसे हैजा, डायरिया आदि की रोकथाम की जा सके। विभागीय टीमें फील्ड में पहुंचकर जल स्रोतों की सतत निगरानी भी कर रही हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री मुजीब उल हसन ने ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान पानी को उबालकर या छानकर ही उपयोग करें तथा सार्वजनिक जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक ग्रामीण तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgrah
15 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026