चौड़ा मैदान में 14 नवंबर को राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी करेगी शुद्धिकरण एवं गौमाता पूजन – रुमित सिंह ठाकुर
शिमला, 12 नवंबर 2026।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी (RDP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने घोषणा की है कि 14 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे शिमला के चौड़ा मैदान में पार्टी द्वारा शुद्धिकरण कार्यक्रम एवं गौमाता पूजन किया जाएगा।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि चौड़ा मैदान में जिस कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा पहुंचे थे, उनके गौमांस से संबंधित कथित बयान और भाजपा के नेताओं के इस विषय पर रुख को लेकर राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी अपना कड़ा विरोध दर्ज करवाएगी।
उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। ऐसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। पार्टी चौड़ा मैदान में विधिवत शुद्धिकरण और गौमाता पूजन करके अपना सांकेतिक विरोध दर्ज करवाएगी।
रुमित सिंह ठाकुर ने भाजपा के हिमाचल प्रदेश नेतृत्व, विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से सवाल किया कि क्या वे हिमंत बिस्वा सरमा के कथित बयान का समर्थन करते हैं? क्या गौमाता का सम्मान केवल चुनावी मंचों और राजनीतिक भाषणों तक सीमित है?
उन्होंने कहा कि अब हिमाचल की जनता को राजनीतिक दलों के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाने होंगे। हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों, सांस्कृतिक मूल्यों और जनभावनाओं के सम्मान के लिए है।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को अब भाजपा और कांग्रेस के विकल्प के रूप में एक मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी इसी संकल्प के साथ जनता के बीच खड़ी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों, गौसेवकों और सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले सभी लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।
कार्यक्रम का विवरण:
- दिनांक: 14 नवंबर 2026 (शनिवार)
- समय: सुबह 11:30 बजे
- स्थान: चौड़ा मैदान, शिमला
- कार्यक्रम: सांकेतिक शुद्धिकरण एवं गौमाता पूजन
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी का संकल्प:
हिमाचल मांगे तीसरा विकल्प!
सनातनियों की भूल – कमल का फूल!
सवर्णों की भूल – कमल का फूल!
जारीकर्ता:
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी (RDP)
रुमित सिंह ठाकुर
राष्ट्रीय अध्यक्ष