भारतीय सेना के वीर जवानों संग मनाया रक्षाबंधन, लायंस क्लब सोलन वैली ने बांधी तिरंगा राखी
सोलन, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली, डिस्ट्रिक्ट 321-A2 की ओर से 5वीं सिख रेजिमेंट के वीर जवानों के साथ “राखी विद द इंडियन आर्मी” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त करना रहा।
इस अवसर पर लायंस क्लब के सदस्यों ने जवानों की कलाइयों पर तिरंगे के रंगों वाली राखियां बांधीं और उन्हें खीर, मिठाइयां एवं उपहार भेंट किए। जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाकर कार्यक्रम में देशभक्ति और भावनात्मक जुड़ाव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का समन्वय लायन गुरचरण सिंह ने किया। वहीं श्रीमती गीता सिंगला एवं श्रीमती चंद्रकांता साहनी ने तिरंगा राखियों, खीर, मिठाइयों और उपहारों की व्यवस्था में विशेष योगदान दिया।
इस दौरान लायंस क्लब सोलन वैली के अनेक सदस्यों ने सहभागिता की। एमजेएफ लायन रामिंदर बावा, अध्यक्ष, लायंस क्लब सोलन वैली ने 5वीं सिख रेजिमेंट के सभी वीर जवानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिकों के साथ रक्षाबंधन मनाना पूरे लायंस परिवार के लिए गौरव और सम्मान का अवसर है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवारों से दूर रहकर सीमाओं पर डटे जवानों के प्रति पूरा देश सदैव कृतज्ञ रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने वीर जवानों को नमन करते हुए “जय हिंद, जय जवान” का संदेश दिया।