बलिया शहर में 48.28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन बस स्टैंड की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है।
गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही दोबारा मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस स्टैंड परिसर का भ्रमण कर निर्माण की प्रगति देखी और तैयार नक्शे का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में लेबर, मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए। डीएम ने कहा कि अगले 15 दिनों में परियोजना के कुछ महत्वपूर्ण कार्य हर हाल में पूरे होने चाहिए, ताकि मौके पर निर्माण की स्पष्ट प्रगति दिखाई दे।
बस स्टैंड के अंदर जाने वाली सड़क को लेकर भी डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यहां 30 मीटर चौड़ी सड़क और बड़े गेट का निर्माण होना है। सड़क का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रतिदिन निगरानी करने को कहा।
डीएम ने जब कार्यदायी संस्था से निर्माण शुरू होने की तारीख पूछी तो बताया गया कि काम वर्ष 2024 से चल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने लंबे समय में निर्माण की गति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने और मौके पर तत्काल तेजी दिखाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि अगली बार निरीक्षण में यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या अपेक्षित प्रगति नहीं मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि डीएम की सख्ती के बाद 48.28 करोड़ की इस परियोजना की रफ्तार कितनी तेज होती है।
#Ballia #Balliakhabar #busstand #BalliaDM
Belthara Road, Ballia | Sep 3, 2026