रैपिड किट से दूध की मौके पर की जांच, व 37 किग्रा मिठाई कराई नष्ट
कलेक्टर भिण्ड एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने भिण्ड तहसील एवं मिहोना तहसील में खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों, मिल्क चिलिंग सेंटर, दुग्ध वाहनों की सघन जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कु. रेखा सोनी ने तहसील मिहोना स्थित दुग्ध प्रतिष्ठान भोलेबाबा मिल्क चिलिंग सेंटर, ग्राम रायपुरा के निवासी विकास राजावत के वाहन में भरे दूध की मौके पर रैपिड किट से जांच की। ग्राम मछण्ड में राजकुमार राठौर डेयरी पर विक्रय किये जा रहे दूध की रैपिड किट से जांच कर, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत नमूने जांच वास्ते लिये।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती किरन सेंगर ने फूप स्थित केशव सिंह की डेयरी, बृजराज डेयरी के वाहन, योगेश यादव के दुग्ध वाहन व संजीव कुमार के दुग्ध वाहन से परिवहन किये जा रहे दूध को रैपिड किट के माध्यम से जांच की। रैपिड किट द्वारा की गई प्राथमिक जांच में संदेह पाये जाने पर दूध के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत जांच वास्ते एकत्रित किये।
श्रीमती किरण सेंगर ने फूप स्थित श्रीराम नाश्ता सेंटर का निरीक्षण किया व मौके पर पाये खाद्य पदार्थों की जांच चलित प्रयोगशाला के माध्यम से कु. आरती शिवहरे ने की। श्रीराम नाश्ता सेंटर पर अमानक 20 किग्रा पेठा, एक्सपायरी 08 कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें, 05 किग्रा गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट कराये गए।
हरिओम स्वीट्स पर विक्रय की जाने वाली मिठाइयों की जाँच चलित प्रयोगशाला में कु. आरती शिवहरे लैब केमिस्ट ने की व मौके पर 12 किग्रा बर्फी नष्ट कराई गई। श्रीमती किरण सेंगर ने पारस चिलिंग सेंटर व होटल दावत का निरीक्षण कर, उपस्थित स्टाफ को खाद्य सुरक्षा के नियमों का प्रशिक्षण भी दिया, साथ ही मौके पर उपस्थित आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा व मिलावट के विरुद्ध जागरुक किया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind
Bhind, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026