मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी मां रूपी सोरेन को मुखाग्नि, पंचतत्व में विलीन हुईं
नेमरा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां रूपी सोरेन को मुखाग्नि दी। इसके साथ ही दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गईं। अंतिम विदाई के इस भावुक पल में परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की आंखें नम रहीं।
मां को मुखाग्नि देते समय हेमंत सोरेन बेहद भावुक नजर आए। जिस मां ने संघर्ष के कठिन दौर में परिवार को संभाला, बच्चों को अपनी ममता की छांव दी और जीवन के हर उतार-चढ़ाव में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहीं, आज उसी मां को बेटे ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
रूपी सोरेन की अंतिम यात्रा नेमरा की उसी धरती पर पहुंची, जहां सोरेन परिवार की जड़ें और पुरखों की स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। संघर्ष, परिवार और झारखंड के लंबे राजनीतिक सफर की साक्षी रहीं रूपी सोरेन की विदाई के साथ परिवार के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हो गया।