धारूहेड़ा नगर पालिका के नवनिर्वाचित वाइस चेयरमैन अमन राव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से की मुलाकात
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
धारूहेड़ा नगर पालिका के नवनिर्वाचित वाइस चेयरमैन अमन राव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। अमन राव हाल ही में धारूहेड़ा नगर पालिका के वाइस चेयरमैन पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
इस दौरान उनके साथ हरियाणा टूरिज्म के पूर्व चेयरमैन राव इंद्रपाल सिंह भी मौजूद रहे। अमन राव, राव इंद्रपाल सिंह के पोते हैं। वाइस चेयरमैन बनने के बाद केंद्रीय मंत्री से यह मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुलाकात के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने अमन राव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ धारूहेड़ा के विकास के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
अमन राव ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने धारूहेड़ा के विकास और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
Rewari, Rewari | Sep 7, 2026