झज्जर पुल के नीचे से बस की बैटरी चोरी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार; चोरी की गई बैटरी और वारदात में प्रयोग टैम्पो बरामद
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
चौकी गोकल गेट पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए झज्जर पुल के नीचे खड़ी बस से बैटरी चोरी करने के मामले दो आरोपियों को को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहल्ला खासापुरा रेवाड़ी निवासी ललित उर्फ कल्लू व मोहल्ला कुतुबपुर रेवाड़ी निवासी प्रेम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैटरी और वारदात में प्रयोग किया गया टैम्पो भी बरामद कर लिया है।
जांचकर्ता ने बताया कि मोहल्ला सुभाष नगर रेवाड़ी निवासी सतीश ने अपनी शिकायत में बताया था की वह रॉयल ट्रांसपोर्ट की बस पर बतौर चालक कार्य करता है। गत 05 सितम्बर की रात समय करीब 8:00 बजे उसने अपनी बस को रोजाना की तरह झज्जर पुल के नीचे पार्क किया था। अगले दिन सुबह समय करीब 6:00 बजे जब वह बस के पास पहुंचा, तो बस की बैटरी गायब मिली।
इसके बाद उसने तुरंत ट्रांसपोर्ट के मुनीम अजीत को मौके पर बुलाया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो अज्ञात व्यक्ति टैम्पो में बैटरी चोरी करके ले जाते हुए दिखाई दिए। जिस पर पुलिस ने थाना शहर रेवाड़ी में चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया और रविवार को दोनों आरोपियों, ललित उर्फ कल्लू और प्रेम सिंह को धर दबोचा। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया टैम्पो तथा चोरी की गई बस की बैटरी सफलतापूर्वक बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Rewari, Rewari | Sep 7, 2026