70वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता: शिवदेव सिंह राणावत ने जीते 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक, विद्यालय परिवार ने किया भव्य स्वागत
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल विटी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हो रही 70वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र मार्ग के कक्षा 11 के प्रतिभावान छात्र शिवदेव सिंह राणावत ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों की हैट्रिक लगाई है।
शिवदेव सिंह ने प्रतियोगिता की 100 मीटर फ्री स्टाइल और 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) तथा 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम कर विद्यालय एवं जिले का मान बढ़ाया।
छात्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने छात्र शिवदेव सिंह का पारंपरिक रूप से उपरणा ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं; शिवदेव की यह स्वर्णिम सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस गौरवमयी अवसर पर उप प्रधानाचार्य धीरज कुमार जोशी, राउमावि बड़ा महुआ के प्रधानाचार्य अटल बिहारी वैष्णव, शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक ज्योति खटीक, विक्रम चौधरी एवं मीडिया प्रभारी प्राध्यापक सत्येन्द्र माली उपस्थित रहे। सभी स्टाफ साथियों एवं अतिथियों ने होनहार खिलाड़ी छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और बधाई प्रेषित की।