12 साल की सनाया का सीनियर कैटेगरी में जलवा, राज्य तीरंदाजी में तीन पदक जीतकर रचा इतिहास........
उम्र महज 12 साल, लेकिन हौसले और निशानेबाजी में बड़े खिलाड़ियों को टक्कर देने का दम। श्रीनगर गढ़वाल की बेटी सनाया भंडारी (माही) ने एक बार फिर तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। टिहरी गढ़वाल में 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित नौवीं सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में सनाया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ ही उनका नवंबर में मेघालय के शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। खास बात यह है कि सनाया इतनी कम उम्र में सीनियर कैटेगरी में मुकाबला कर रही हैं। राज्य स्तरीय इस चैंपियनशिप में करीब 130 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पुलिस, सेना और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े खिलाड़ियों सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। अनुभवी खिलाड़ियों के बीच सनाया ने सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने रैंकिंग स्पर्धा में रजत पदक जीता। इस मुकाबले में उन्होंने अल्मोड़ा की एक डॉक्टर खिलाड़ी को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य और मिक्स टीम मुकाबले में रजत पदक हासिल किया।
Pauri, Garhwal | Oct 19, 2026