मिट्टी की खुशबू से महका सेंट जेवियर्स स्कूल, बच्चों ने खरीदे दीये और खिलौने, कुम्हारों के चेहरों पर आई मुस्कान
बलिया : बेल्थरारोड सेंट जेवियर्स स्कूल में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक कारीगरी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिट्टी के बर्तनों का विशेष मेला आयोजित किया गया। मेले में मिट्टी से बने आकर्षक दीये, खिलौने, गुल्लक सहित विभिन्न पारंपरिक वस्तुओं की अनूठी दुनिया सजी नजर आई।
मेले में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ मिट्टी से बने उत्पादों की खरीदारी की और पारंपरिक कुम्हारों की पुश्तैनी कला को सम्मान देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। बच्चों की रुचि और खरीदारी से कुम्हारों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जेआर मिश्र एवं प्रधानाचार्या श्रीमती शीला मिश्र की पहल पर आयोजित इस विशेष मेले का उद्देश्य बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, स्वदेशी उत्पादों और पारंपरिक हस्तकला से जोड़ना रहा।
इस अनूठी पहल के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि आधुनिकता के दौर में अपनी परंपराओं और स्थानीय कारीगरों को नहीं भूलना चाहिए। मिट्टी के उत्पादों को अपनाना न केवल हमारी संस्कृति का सम्मान है, बल्कि उन परिवारों की आजीविका को मजबूती देना भी है, जिनकी पीढ़ियां इस कला को संजोती आ रही हैं।
छोटी-सी खरीदारी, किसी कारीगर के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है। यही है स्वदेशी अपनाने की सच्ची भावना।
#Ballia #BeltharaRoad #SaintXaviersSchool #VocalForLocal #SwadeshiProducts