*पालिका व फायर कर्मचारी 21 अगस्त को भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के आवास पर जोरदार प्रदर्शन कर सौंपेंगे ज्ञापन :-गुलशन भारद्वाज*
*पालिका व फायर कर्मचारियों की मांगों का समाधान होने तक जारी रहेगा आंदोलन, 21 अगस्त को करेंगे आगामी आंदोलन की घोषणा*
*यमुनानगर 20 अगस्त नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की संयुक्त राज्यव्यापी हड़ताल लगातार 15वें दिन भी जारी रही। नगर पालिका व फायर कर्मचारियों ने नगर निगम के प्रांगण में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की 15वें दिन हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका शाखा प्रधान पपला व फायर प्रधान विजेंद्र सिंह ने की संचालन नगर पालिका सह सचिव संजीत तिगरा व फायर सचिव रिंकू कुमार ने किया।*
*नगरपालिका राज्य प्रेस सचिव व अग्निशमन राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि 20 अगस्त से 25 अगस्त तक नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं फायर कर्मचारी यूनियन सभी विधायकों एवं सांसदों, विभिन्न राजनीतिक दलों से संपर्क कर पालिका एवं फायर कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करने तथा सरकार से मांगों का समाधान करवाने की अपील करेगा। नगरपालिका व फायर कर्मचारी 21 अगस्त को यमुनानगर भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के आवास पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मांगों का ज्ञापन सौंपकर उनसे मांग करेगा कि आने वाले विधानसभा सत्र में नगर पालिका व फायर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए 13 मई के समझौते को लागू करवाया जाए यदि फिर भी समझौते लागू नहीं किया गया तो संगठन सभी दलित सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से भी सफाई व फायर कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करने की अपील करेगा। इसके साथ ही दलित, राजनीतिक, सामाजिक, कर्मचारी, मजदूर एवं किसान संगठनों से बातचीत कर बड़ी महापंचायत आयोजित करने की भी तैयारी की जाएगी।*
*उन्होंने सरकार पर 13 मई के समझौते से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने सफाई एवं फायर कर्मचारियों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि 13 मई की वार्ता में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, फायर विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं पक्की नौकरी, फायर विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों एवं फायरमैनों को पक्का करने तथा वर्दी भत्ता सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी।*
*उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बाद में 22 मई को माननीय उच्च न्यायालय में दिए गए शपथ पत्र में पूर्व में मानी गई मांगों से इनकार कर दिया। सरकार के इस रवैये से कर्मचारियों एवं आम जनता में सरकार के प्रति विश्वास समाप्त हुआ है।नगर पालिका व फायर कर्मचारी 21 अगस्त को लघु सचिवालय में गेस्ट टीचरों के समर्थन में होने वाले प्रदर्शन में भी बढ़-चढ़कर भाग लेगा*
*नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि 21 अगस्त तक सरकार ने मानी गई मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं किया तो संघ हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि पालिका एवं फायर कर्मचारी अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे और मांगों का ठोस समाधान होने के बाद ही आंदोलन वापस लेने पर विचार किया जाएगा।मौके पर पालिका व फायर के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।*