फर्जी युवती बन युवकों को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
गोविंदगढ़ पुलिस की कार्रवाई, दो मोबाइल व सिम कार्ड बरामद
गोविंदगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग के मामले में आरोपी इरफान पुत्र खुर्सेद निवासी पागसेड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया पर हिंदू युवतियों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाता था। इसके लिए वह वास्तविक युवतियों के फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट से फोटो डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल तैयार करता था। इसके बाद गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों के युवकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर बातचीत शुरू करता था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एआई की मदद से अलग-अलग भाषाओं में युवकों से बातचीत करता था। दोस्ती होने के बाद वह व्हाट्सएप नंबर देकर रात में आपत्तिजनक वीडियो कॉल के लिए उकसाता था। युवक के वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक स्थिति में आने के बाद आरोपी दूसरे मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग कर लेता था। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रकम मांगी जाती थी।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा करोड़ों रुपए की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
Alwar, Alwar | Aug 27, 2026