देश्नोक करणी माता मंदिर में कल से 24 घंटे खुला रहेगा,
- पहली बार दर्शनों के लिए 5 कतारें
-करणी सागर मैदान में होगी पार्किंग
बीकानेर। बीकानेर के देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दौरान 10 अक्टूबर से मंदिर 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। इस बार भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आमतौर पर दो कतारों में दर्शन करवाए जाते हैं, लेकिन इस बार पहली बार पांच कतारों की व्यवस्था की जाएगी।
*सुबह 9:32 बजे से घट स्थापना की पूजा*
नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर, रविवार को घट स्थापना के साथ होगी। मंदिर में सुबह 9:32 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। पंडित नरोत्तम दास मिश्रा के सान्निध्य में घट स्थापना होगी। इसी शुभ मुहूर्त में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घरों में भी घट स्थापना कर मां करणी की आराधना करेंगे। नवरात्रि के साथ ही मंदिर में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
करणी सागर मैदान में पार्किंग, 250 से ज्यादा सेवादार तैनात
नवरात्रि में देशनोक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए वाहनों की पार्किंग के लिए करणी सागर मैदान निर्धारित किया गया है। इससे मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में मदद मिलेगी। मंदिर ट्रस्ट की ओर से 250 से अधिक सेवादार लगाए गए हैं। ये दर्शन व्यवस्था संभालने, श्रद्धालुओं को रास्ता दिखाने, कतारों को व्यवस्थित करने और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने का काम करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और आसपास टेंट, पेयजल, मेडिकल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ट्रस्ट की कोशिश है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान परेशानी न हो और भीड़ के बीच व्यवस्था बनी रहे।
*18 अक्टूबर को निकलेगी जन्मोत्सव शोभायात्रा*
नवरात्रि का प्रमुख आकर्षण 18 अक्टूबर को करणी माता का जन्मोत्सव रहेगा। सप्तमी के अवसर पर मां करणी के जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस बार सप्तमी दो होने के कारण 18 अक्टूबर को जन्मोत्सव शोभायात्रा सुबह 9:15 बजे श्री करणी माता मंदिर से रवाना होगी। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर और देशनोक शहर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
17 को प्रतिभा सम्मान, 18 को भक्ति संगीत और 19 को कवि सम्मेलन
नवरात्रि के धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 17 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे श्री करणी महाई पैलेस में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
18 अक्टूबर को रात 10 बजे मुख्य मंदिर के सामने प्रांगण में करणी भक्ति संगीत संध्या होगी। वहीं, 19 अक्टूबर को मनुज देपावत की स्मृति में रात 10 बजे से विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। लगातार तीन दिन होने वाले इन आयोजनों में देशनोक और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
*ट्रस्ट पदाधिकारी तैयारियों की कर रहे निगरानी*
नवरात्रि की तैयारियों को लेकर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। ट्रस्ट अध्यक्ष बादल सिंह देपावत, उपाध्यक्ष गिरिराज सिंह व सीतादान, सचिव शंकर दान तथा प्रन्यासी लक्ष्मण दान, मेघदान, कमेर दान, विजय दान और मांगी दान सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रस्ट की पाथमिकता सगम टर्शन और सरक्षित व्यवस्था बनाए रखना है।
Bikaner, Bikaner | Oct 10, 2026