सर्वर डाउन होने से डाडा सिबा सहकारी समिति के उपभोक्ता परेशान
डाडा सिबा ।। News123 ।। सहकारी समिति डाडा सिबा में पिछले दो दिनों से सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में लोग आवश्यक राशन के लिए समिति में पहुंचे, लेकिन सर्वर ठप होने की वजह से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
समिति के कार्यकारी सचिव ने बताया कि पिछले दो दिनों से सर्वर की तकनीकी समस्या बनी हुई है, जिसके चलते कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले लोग बार-बार समिति के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सर्वर समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और समिति का कार्य सामान्य रूप से शुरू हो सके।