बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत परामर्श एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित
ग्राम पंचायत सुभरिया, जनपद पंचायत नैनपुर में ’’बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना’’ के अंतर्गत यौन शोषण एवं उत्पीड़न से संघर्षरत बालिकाओं की मानसिक दृढ़ता के लिए काउंसलिंग एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श सत्र तथा ’’बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम’’ के तहत पंचायती राज संस्थाओं के क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ’’वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले’’ ने उपस्थित प्रतिभागियों को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा, यौन शोषण, बाल विवाह एवं अन्य कुप्रथाओं के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा संचालित ’’वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति एवं विधिक सेवा प्राधिकरण’’ जैसे संस्थानों के माध्यम से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने महिला हेल्पलाइन ’’181’’, चाइल्ड हेल्पलाइन ’’1098’’, साइबर हेल्पलाइन ’’1930’’ तथा आपातकालीन सेवा ’’112’’ के उपयोग और महत्व की जानकारी भी दी। इसके साथ ही हब एवं वन स्टॉप सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में ’’जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पी.एल.वी. श्रीमती शिखा श्रीवास्तव’’ ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा, समान वेतन के अधिकार तथा दहेज एवं लैंगिक हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विधिक सहायता हेतु टोल फ्री नंबर ’’1510’’ के बारे में भी बताया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सुभरिया के सरपंच ’’श्री मिथिलेश व्याम’’, ’’सीएचओ श्री दृष्टि नाग’’, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता ’’हरिशंकर कछवाहा’’ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh