अरवल की धरती पर रचा गया नया इतिहास, पहली बार शुरू हुआ फैमिली कोर्ट
अरवल। अरवल जिला बनने के करीब 26 साल बाद जिले की न्यायिक व्यवस्था में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। अरवल की धरती पर पहली बार फैमिली कोर्ट का उद्घाटन किया गया, जिसे जिलेवासियों के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फैमिली कोर्ट का उद्घाटन पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधीर सिंह एवं जहानाबाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास चौधरी द्वारा किया गया। इस मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अब तक अरवल जिले के लोगों को पारिवारिक विवादों एवं संबंधित न्यायिक मामलों के लिए करीब 40 किलोमीटर दूर जहानाबाद की दौड़ लगानी पड़ती थी। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च होता था और कई बार मामलों की सुनवाई के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी भी उठानी पड़ती थी।
लेकिन अब अरवल में ही फैमिली कोर्ट की सुविधा शुरू होने से जिलेवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पति-पत्नी के विवाद, भरण-पोषण, बच्चों की अभिरक्षा और अन्य पारिवारिक मामलों से जुड़े लोगों को अब न्याय के लिए दूसरे जिले का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
वहीं अरवल सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं के लिए भी यह दिन बेहद खास रहा। अधिवक्ताओं का कहना है कि फैमिली कोर्ट की शुरुआत से न्यायिक व्यवस्था और मजबूत होगी तथा स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर न्याय दिलाने में सुविधा मिलेगी।
26 वर्षों के इंतजार के बाद अरवल को मिली यह नई न्यायिक सौगात जिले के विकास और न्याय व्यवस्था के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गई है।
Arwal, Arwal | Sep 11, 2026