अररिया सदर अस्पताल के बाहर खड़े निजी एम्बुलेंस के विरुद्ध छापेमारी, दो एम्बुलेंस को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु थाने भेजा गया
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन के निर्देशानुसार आज अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सदर अस्पताल, अररिया के बाहर खड़े निजी एम्बुलेंस के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल के बाहर खड़े दो निजी एम्बुलेंस को पकड़ा गया तथा विधिसम्मत कार्रवाई हेतु संबंधित थाने ले जाया गया।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग के सचिव द्वारा निर्गत पत्र के माध्यम से निर्देश दिया गया है कि किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान के परिसर के अंदर अथवा बाहर, मुख्य द्वार के समीप या आसपास निजी एम्बुलेंस का अनधिकृत पड़ाव नहीं होना चाहिए। उक्त निर्देश के अनुपालन एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन को सूचना प्राप्त हो रही थी कि कुछ निजी एम्बुलेंस संचालक सरकारी अस्पतालों के बाहर अपने वाहन खड़े रखते हैं तथा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों एवं अन्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज कराने के लिए प्रेरित करते हैं। इस कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक रूप से भारी आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ सकता है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित करना तथा उन्हें अनावश्यक आर्थिक परेशानी से बचाना है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करना भी इस कार्रवाई का प्रमुख उद्देश्य है।
जिला प्रशासन, अररिया द्वारा स्पष्ट किया जाता है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के परिसर एवं आसपास निजी एम्बुलेंस के अनधिकृत पड़ाव तथा मरीजों को अनुचित तरीके से निजी स्वास्थ्य संस्थानों में ले जाने से संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Araria, Araria | Oct 28, 2026