सूर्यपुरा गढ़ से निकली भव्य कलश यात्रा, हजारों श्रद्धालु शामिल
सूर्यपुरा में शारदीय नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर शनिवार को सूर्यपुरा गढ़ से भव्य कलश सह शोभायात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा सूर्यपुरा गढ़ से शुरू होकर प्रखंड कार्यालय, बड़ा तालाब, बंगला चौक, बारुण टांड, बारुण गांव और सूर्यपुरा थाना होते हुए ठोरा नदी के तट पर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलभरी की। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः सूर्यपुरा गढ़ स्थित मां दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे, जहां आचार्य संतोष पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना कराई। कलश यात्रा और जलभरी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। मौके पर एक दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सूर्यपुरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत सहित कई पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सूर्यपुरा गढ़ में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भव्य कलश यात्रा और कलश स्थापना के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि सूर्यपुरा गढ़ में वर्ष 1966 से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। इस वर्ष दुर्गा पूजा आयोजन की 60वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बार भव्य कलश सह शोभायात्रा और जलभरी के साथ मां दुर्गा का पट खुल रहा है। इसको लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।