जर्जर विद्यालय भवनों पर डीएम सख्त, शेष का मूल्यांकन कर ध्वस्तीकरण के निर्देश
बलिया,16सितंबर
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्राथमिक विद्यालयों में बाल वाटिका केंद्रों के संचालन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में हॉट कुक्ड मिल योजना की समीक्षा बैठक हुई। जिले में 517 विद्यालयों के भवन जर्जर हैं, जिनमें 503 का मूल्यांकन कराया जा चुका है। डीएम ने शेष भवनों का जल्द मूल्यांकन कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। नीलामी से पहले लाउडस्पीकर से प्रचार और ग्राम पंचायत भवनों पर सूचना चस्पा कराने को कहा। जर्जर भवन टूटने के बाद बच्चों के स्थानांतरण और नए भवन निर्माण की रिपोर्ट भी मांगी। 48 विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन, विद्यालयों की साफ-सफाई, पानी की टंकियों की नियमित सफाई तथा दिव्यांग बच्चों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों पर निगरानी और गलत खबर प्रसारित करने वालों पर एफआईआर की कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्यालयों में भोजन स्टील के बर्तनों में बनाने और प्रतिदिन जांच कराने के साथ शिक्षकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। खाली विद्यालयों की सूची तैयार कर वहां बाल वाटिका केंद्र संचालित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल वाटिका और बाल पेंटिंग के माध्यम से आकर्षक प्रदर्शन कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीडीओ आनंद प्रकाश, बीएसए मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।