छठ महापर्व में बढ़ी भीड़ को देखते हुए छावनी रेलवे ओवरब्रिज का अंधेरा 48 घंटे में दूर करें: गरिमा देवी सिकारिया...
छठ महापर्व के मद्देनजर शहर में बढ़ते आवागमन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए छावनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज की बदहाल प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल की गई है। शाम होते ही ओवरब्रिज पर अंधेरा छा जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने मंगलवार को निगम की इलेक्ट्रिक टीम के साथ ओवरब्रिज का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि बेतिया-लौरिया लेन में कई स्थानों पर सामान्य तकनीकी खराबी के कारण लाइटें ठीक से काम नहीं कर रही हैं। वहीं बेतिया-चनपटिया और बेतिया-सिकटा-मैनाटांड़ लेन में विद्युत आपूर्ति के तार काट दिए जाने के कारण प्रकाश व्यवस्था लगभग पूरी तरह ठप है। आशंका जताई गई कि असामाजिक या आपराधिक तत्वों द्वारा बिजली के तार काटे गए हैं। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने के वर्षों बाद भी इसकी लाइटिंग व्यवस्था सुचारू नहीं रहने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि दूसरे विभागों द्वारा निर्मित संरचनाओं को नगर निगम को विधिवत हैंडओवर नहीं किए जाने के कारण निगम प्रशासन के लिए सीधे कार्रवाई करना आसान नहीं होता है। इसके बावजूद आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। महापौर ने संबंधित इलेक्ट्रिक टीम को सख्त निर्देश दिया कि अगले 48 घंटे के भीतर कटे हुए विद्युत तारों को जोड़ने और अन्य तकनीकी खराबियों को दूर करने का काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व से पहले रेलवे ओवरब्रिज पर रोशनी की व्यवस्था बहाल करना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन में परेशानी न हो। महापौर ने यह भी बताया कि पूर्व में नगर निगम की इलेक्ट्रिक टीम द्वारा ओवरब्रिज की लाइटों को दुरुस्त कराया गया था, लेकिन बार-बार खराबी की शिकायत मिल रही है। ऐसे में व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने की जरूरत है।
#nonfollowersviewers #champaran24news #viralreelschallenge #trendingreels #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar
Bettiah, West Champaran | Nov 10, 2026