कुलागाड़ पुल पर अंतिम चरण का काम जारी, एक-दो दिन में यातायात सुचारू होने की उम्मीद
धारचूला। लंबे समय से निर्माणाधीन कुलागाड़ पुल पर अब अंतिम चरण का कार्य चल रहा है। पुल को जल्द ही यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार तक अथवा एक-दो दिन के भीतर यातायात सुचारू करने की कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।
जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने कुलागाड़ पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बीआरओ की टीम ने उन्हें पुल निर्माण की प्रगति और वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
बीआरओ की ओर से बताया गया कि पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। फिलहाल पुल की पेंटिंग, अंतिम लेयर और अन्य फिनिशिंग कार्य किए जा रहे हैं। कार्य की प्रगति संतोषजनक बताई गई है।
वहीं, पुल के समीप यातायात संचालन के लिए बनाई गई अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था भी सुरक्षित बताई गई है और फिलहाल इसी मार्ग से यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
जिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि कुलागाड़ पुल का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और एक-दो दिन में पुल को यातायात के लिए खोलने की संभावना है। पुल खुलने से क्षेत्र में आवागमन करने वाले लोगों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।