गुरुग्राम पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा: निर्माणाधीन इमारत झुकने के बाद पुलिस ने आसपास के मकानों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
साथ लगते प्लॉट में नींव की खुदाई के कारण लगभग तैयार 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत एक तरफ झुकी, एहतियात के तौर पर आसपास स्थित 3 मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर प्लॉट मालिक, ठेकेदार व JCB चालक के विरुद्ध अभियोग अंकित, नियमानुसार की जा रही है आगामी कार्यवाही।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 20 अक्टूबर । बीती रात पुलिस थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक सूचना प्लॉट नंबर 1770, ब्लॉक-C, सुशांत लोक-1, गुरुग्राम में एक निर्माणाधीन इमारत के झुकने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई। पुलिस टीम तुरन्त सूचना में बताए गए स्थान पर पहुँची, जहां पर तैयार 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत के साथ लगते प्लॉट में नींव की खुदाई किए जाने के कारण इमारत लगभग 2 से 2.5 इंच एक तरफ झुकी हुई थी।
पुलिस थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लिया और किसी भी संभावित दुर्घटना एवं जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए पुलिस टीम ने त्वरित एहतियाती कदम उठाते हुए झुकी हुई इमारत के दोनों तरफ स्थित कुल 3 मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
उपरोक्त सम्बन्ध में पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर साथ लगते प्लॉट में नींव की खुदाई करवाने वाले प्लॉट मालिक, ठेकेदार तथा JCB चालक के विरुद्ध अभियोग अंकित किया गया है तथा अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता एवं सूझबूझ के चलते समय रहते एहतियाती कदम उठाए गए, जिससे संभावित हादसे में लोगों की जान-माल को होने वाले नुकसान से बचाव हुआ। पुलिस टीम द्वारा मौके पर लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए गए।
गुरुग्राम पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा नागरिकों से अपील करती है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Jhajjar, Jhajjar | Oct 21, 2026