गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दौहला गांव में 35 वर्षीय महिला की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार।
मृतका के दाह संस्कार के 12 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार करके सुलझाई हत्या की गुत्थी।
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की टीम ने दौहला गांव में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मृतका के दाह-संस्कार के उपरान्त 12 घंटे के अंदर आरोपियों की पहचान करके तथा उन्हें गिरफ्तार करके इस हत्या की गुत्थी को सुलझाया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी संदीप (उम्र 35 वर्ष), निवासी दोहला, गुरुग्राम तथा इसके साथी अनुज (उम्र 29 वर्ष) निवासी गाँव सलोनी, जिला सहारनपुर उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी शिव गली, ढंढोरों फाटक रुड़की हरिद्वार (उत्तराखंड) तथा अवनिश (उम्र 30 वर्ष) निवासी गाँव खटका (रुड़की) जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) शामिल हैं।
16 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सोहना, गुरुग्राम की पुलिस टीम को दौहला गांव में एक महिला की हत्या होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो मृतका के परिजन उसे एम्बुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे। पुलिस टीम परिजनों के साथ सरकारी अस्पताल, सोहना पहुंची, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर को सुबह करीब 7 बजकर 45 मिनट पर यह अपने बच्चों को लेकर गढ़ी बाजीदपुर स्थित स्कूल गया था और इसकी पत्नी घर पर अकेली थी। दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौटने पर इसने अपनी पत्नी को घर के अंदर मृत अवस्था में पाया। इसकी पत्नी के दोनों हाथ बंधे हुए थे तथा मुंह पर टेप लगी हुई थी। इसने टेप हटाकर पत्नी के हाथ खोले और उसे सरकारी अस्पताल, सोहना लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस शिकायत पर थाना सदर सोहना, गुरुग्राम में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 127(2), 332(a) व 3(5) BNS के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा सोहना की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में प्रभावशाली कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संदीप सहित आरोपी अनुज व अवनिश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप को 19 अक्टूबर को सोहना से तथा उसके साथी आरोपियों अनुज व अवनिश को 20 अक्टूबर को रुड़की, उत्तराखंड से काबू करके नियमानुसार गिरफ्तार किया।
प्रारम्भिक पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि मृतका मुख्य आरोपी संदीप के चचेरे भाई की पत्नी थी। आरोपी संदीप पहले भारतीय सेना में कार्यरत था तथा नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये ऐंठने और अन्य धोखाधड़ी संबंधी गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण वर्ष-2023 में संदीप का सेना से कोर्ट मार्शल कर दिया गया था। इसके बाद भी संदीप धोखाधड़ी की गतिविधियों में संलिप्त रहा। आरोपी संदीप अपने चचेरे भाई (उपरोक्त अभियोग में मृतका का पति) की जमीन बिकवाना चाहता था, जिस जमीन की खरीद के लिए संदीप ने अपने चचेरे भाई/मृतका के पति को 1 लाख रुपये बतौर ब्याना/एग्रीमेन्ट दिए थे, लेकिन मृतका ने जमीन का सौदा सस्ता होने के कारण अपने पति से ब्याने के 1 लाख रुपये संदीप को वापस करवा दिए। इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपी संदीप ने अपने चचेरे भाई की पत्नी की हत्या करने की योजना बनाई।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि जब संदीप भारतीय सेना में कार्यरत था और रुड़की में तैनात था, तब उसकी मुलाकात उक्त आरोपी अनुज से हुई जो उस समय ठेके पर लांगरी का काम करता, फिर इसकी अनुज के माध्यम से उक्त आरोपी अवनिश से मुलाकात हुई। वर्तमान में आरोपी अनुज बिजली विभाग में प्राइवेट नौकरी करता है और आरोपी अवनिश blikit में डिलीवरी बॉय का काम करता है। संदीप ने इन दोनों से सम्पर्क करके उपरोक्त अभियोग में हत्या करने की योजना में शामिल किया और संदीप ने अपने साथी आरोपियों के साथ 31 अगस्त को मृतका के घर की रेकी की तथा योजनानुसार 16 अक्टूबर को सुबह उक्त दोनों आरोपी रुड़की से गाँव दौहला आए और संदीप दोनों साथी आरोपियों के साथ अभियोग में मृतका के घर पहुँचे, उस समय मृतका फोन पर बात कर रही थी, जिसे देखकर ये वापस आ गए और कुछ देर बाद समय करीब 10 बजकर 5 मिनट पर संदीप व अनुज घर में दाखिल हो गए तथा अवनिश बाहर निगरानी के लिए खड़ा हो गया। संदीप द्वारा बैग में रखकर लाई गई टेप व रस्सी पहले आरोपियों ने महिला के मुँह पर टेप लगाई और रस्सी से उसके हाथ बांध दिए फिर गला दबाकर उसकी उसकी हत्या कर दी ।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी संदीप को 19 अक्टूबर को माननीय न्यायालय में पेश करके 4 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा अभियोग का अनुसंधान जारी है।