टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा पुलिस का बड़ा एक्शन, तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई रवाना हुई पुलिस, CM भजनलाल ने SP तेजस्विनी गौतम को फोन कर दी बधाई कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में कोटा पुलिस की कार्रवाई के बाद अब तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाया गया है। कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए तीनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया। इसके बाद तीनों का एमबीएस अस्पताल में मेडिकल कराया गया। मेडिकल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस की टीम दो गाड़ियों में तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गई। इस कार्रवाई के बाद अब मुंबई पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वारदात से जुड़े अहम सुराग जुटाएगी। दरअसल, अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था।