प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 27.07.2026
जन वितरण प्रणाली की नई नियुक्तियों को लेकर जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित।
जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की नई नियुक्ति से संबंधित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक के निर्णयों की अनुपालन समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में जन वितरण प्रणाली की 106 रिक्त दुकानों का भौतिक सत्यापन सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा कराया गया है। सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर विस्तृत समीक्षा करते हुए पाया गया कि 15 रिक्तियों के स्थान परिवर्तन का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, 15 रिक्तियों को समाप्त करने का प्रस्ताव दिया गया है तथा 76 रिक्तियों को यथावत रखने की अनुशंसा की गई है। समीक्षा के उपरांत जिले में वर्तमान में 91 रिक्तियां उपलब्ध पाई गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व की 106 रिक्तियों के स्थान पर वर्तमान में उपलब्ध 91 रिक्तियों के आधार पर नए सिरे से रोस्टर का निर्माण कराया जाएगा। रोस्टर का भौतिक सत्यापन कराते हुए एक सप्ताह के भीतर अंतिम रूप देकर जिला स्थापना उपसमाहर्ता को उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव, बिहार द्वारा राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा के क्रम में दिए गए निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 05 अगस्त, 2026 तक नए राशन कार्डों का निर्माण एवं वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि लखीसराय जिले के हलसी, सूर्यगढ़ा एवं बड़हिया प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी समिति (PVGS) के गठन हेतु लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने हेतु शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन वितरण प्रणाली से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, स्थापना उप समाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
3 views | Lakhisarai, Bihar | Jul 27, 2026