*थाना छावनी में सैनिक सम्मेलन: दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, प्रभारी राणा डी. पी. सिंह ने जवानों को किया अलर्ट*
*बस्ती, 04 अक्टूबर 2026।* थाना छावनी परिसर में आज पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर आगामी दुर्गा पूजा त्यौहार को लेकर सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन और सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक थाना छावनी राणा डी. पी. सिंह ने की, जिसमें सभी चौकी प्रभारी, हल्का प्रभारी, बीपीओ और ग्राम प्रहरी मौजूद रहे।
प्रभारी निरीक्षक राणा डी. पी. सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि सभी डीजे संचालकों और मूर्तिकारों से मिलकर शासन द्वारा तय मानकों की जानकारी दें और मूर्ति स्थापना स्थल, विसर्जन स्थल तथा जुलूस के रास्तों का पहले से ही निरीक्षण कर लें ताकि त्यौहार के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि त्यौहार को पूरी परम्परा और आपसी सौहार्द के साथ सकुशल संपन्न कराना हमारी पहली प्राथमिकता है, और जो भी असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों और गुमशुदा व्यक्तियों के सत्यापन, आईजीआरएस, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, सीईआईआर पोर्टल, पीजी पोर्टल और एसआईडी लिंक की समीक्षा की। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी को और अधिक मुस्तैद करने के निर्देश दिए। अगर त्यौहार से संबंधित कोई भी समस्या आती है तो उसे तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उसका मौके पर ही समाधान कराने को कहा गया।
प्रभारी निरीक्षक राणा डी. पी. सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था का पर्व है और बस्ती पुलिस हर श्रद्धालु की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। पुलिस का मकसद सिर्फ सुरक्षा देना नहीं बल्कि लोगों में विश्वास पैदा करना भी है, इसलिए सभी जवान जनता से मधुर व्यवहार रखें और हर सूचना को गंभीरता से लें।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौशल का भारत
Basti, Basti | Oct 4, 2026