शाहजहांपुर में पति के 'फुल एनकाउंटर' के डर से थाने पहुंची महिला, रो-रोकर लगाया पुलिस पर धमकी का आरोप
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शातिर अपराधी सौरभ मिश्रा की पत्नी मोहिनी मिश्रा थाने पहुंचकर रोने-चिल्लाने लगी और पुलिस पर अपने पति के 'फुल एनकाउंटर' की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया।
हाफ एनकाउंटर के बाद फिर पकड़े जाने का आरोप
थाना पुवायां के हरदयाल कूचा कॉलोनी के रहने वाले सौरभ मिश्रा की पत्नी मोहिनी का कहना है कि पुलिस ने करीब 6 महीने पहले उसके पति का हाफ एनकाउंटर किया था, जिसमें उसके पैर में गोली लगी थी। जेल से छूटने के महज 15-20 दिन बाद ही पुलिस उसके पति को फिर से देवी मंदिर के पास से उठाकर ले आई है।
एनकाउंटर और प्रताड़ना की धमकी का दावा
महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मी देर रात उसके घर पहुंचते हैं और उसके पति को जान से मारने या 'फुल एनकाउंटर' करने की धमकी देते हैं। महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पति को झूठे मामलों में फंसाकर बदनाम किया जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तारी से किया इंकार
दूसरी ओर, स्थानीय पुलिस ने सौरभ मिश्रा की किसी भी प्रकार की गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने की बात से साफ इंकार किया है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
Hardoi, Hardoi | Sep 25, 2026