युवा संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य पर हुआ मंथन
#देवरिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवरिया द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चलाए जा रहे युवा संवाद कार्यक्रम के क्रम में आज बाबा राघव दास इंटर कॉलेज, न्यू कॉलोनी, देवरिया में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती जया मिश्रा एवं युवा संवाद कार्यक्रम के नगर संयोजक तथा मुख्य वक्ता आशुतोष मिश्र ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन एवं राष्ट्रगान के साथ किया।
मुख्य वक्ता आशुतोष मिश्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के मन में राष्ट्रहित की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। युवा अपने देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए अनेकों वीर शहीदों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। आज के युवाओं का दायित्व है कि वे उनके त्याग और आदर्शों को अपने जीवन में उतारें।
युवा संवाद के दौरान पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता बनाए रखने, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि भारत के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा शिक्षा, संस्कार, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा के भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, तो भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में नगर प्रचारक राहुल, राघवेंद्र पांडेय, प्रवीण सिंह, सोमनाथ मिश्र सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Salempur, Deoria | Aug 26, 2026