#भरतपुर। जिले की वैर और भुसावर नगरपालिकाओं में भारतीय जनता पार्टी ने निर्दलीय पार्षदों के मजबूत समर्थन के दम पर अपना बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की है। भुसावर पालिकाध्यक्ष पद पर भाजपा के मुकेश तिवारी ने जीत दर्ज कर दूसरी बार कमान संभाली है। 25 वार्डों वाली इस नगरपालिका में भाजपा के पास महज 2 सीटें थीं, लेकिन वार्ड 8 से लगातार छठी बार पार्षद बने मुकेश तिवारी ने 22 वोट हासिल कर अपनी प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति पांडे को 19 मतों के अंतर से करारी शिकस्त दी। वहीं दूसरी ओर, वैर नगरपालिका में भाजपा की ललतेश धाकड़ पालिकाध्यक्ष चुनी गई हैं। ललतेश ने कुल 23 वोट हासिल करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रा मीणा (2 वोट) को 21 मतों के बड़े अंतर से हराया। वैर में भी 25 में से 20 सीटों पर निर्दलीयों का कब्जा था, जहां भाजपा ने रणनीति के तहत जीत दर्ज की। दूसरी बार पार्षद बनीं ललतेश धाकड़ के पति पूरन धाकड़ पेशे से वकील हैं और पूर्व में दो बार पार्षद व उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 21, 2026