उत्तराखंड में एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी एक बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
दिल दहला देने वाला यह हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर बाजार के पास हुआ। यहां ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस विश्वनाथ सेवा की थी, जिसका नंबर UK09PA9779 है। 32 सीटों वाली यह बस हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
बस के खाई में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि अब तक 6 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल भी घटनास्थल पर भेजे गए।
रेस्क्यू टीमों ने बेहद चुनौतीपूर्ण हालात में रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को ऋषिकेश और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर बस किस वजह से अनियंत्रित हुई और इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ।
एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
#UttarakhandNews #TehriBusAccident #RishikeshBadrinathHighway #UttarakhandAccident #BusAccident #GulerAccident #SDRFRescue #TehriGarhwal #RoadAccidentNews #BreakingNews