आज दिनांक 06.08.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (PNB RSETI) में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान “जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर” प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ उनसे संवाद कर प्रशिक्षण के अनुभव, अर्जित कौशल, भविष्य की योजनाओं तथा स्वरोजगार स्थापित करने की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी शक्ति है। कौशल विकास आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को केवल प्रमाण-पत्र तक सीमित नहीं रखें, बल्कि उसका उपयोग स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से स्थायी आजीविका के साधन के रूप में करें। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता में गुणवत्ता, अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और बेहतर ग्राहक सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रशिक्षण प्राप्त युवा एवं महिलाएं अपने कौशल के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।
इस क्रम में जिला पदाधिकारी ने संस्थान में उपलब्ध आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण कक्ष, प्रशिक्षण संबंधी सुविधाओं एवं संचालित विभिन्न कार्यक्रमों का अवलोकन किया। जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में PNB RSETI द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अर्जित कौशल का व्यावहारिक उपयोग करते हुए अपना उद्यम स्थापित करने तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने की बात कही।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री विजय कुमार पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अभय आनंद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र श्री आशीष रंजन, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनय प्रताप, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोखा एवं अंचल अधिकारी नोखा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#IPRD
#BiharIndustriesDept
#BiharGovernment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Industries Department, Bihar
Patna, Bihar | Aug 6, 2026