कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने आज प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख केंद्र बिंदु लाल बाग परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, ऐतिहासिक बावड़ी के संरक्षण तथा शहर की समग्र पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने बताया कि लाल बाग परिसर शहर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र है। प्रतिदिन सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं रहवासी यहाँ मॉर्निंग वॉक, योग तथा स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए आते हैं। परिसर में खेल मैदान तथा मनोरंजन क्लब (निरंजन क्लब) स्थित होने के कारण यह शहर की खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बिंदु है।
कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों के साथ पूरे परिसर का भ्रमण करते हुए परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की सुविधा हेतु बुनियादी ढाँचे को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में स्थित प्राचीन ऐतिहासिक जल संरचना (बावड़ी) का अवलोकन करते हुए उन्होंने उसकी साफ-सफाई करवाकर उसे पुनर्जीवित करने तथा आसपास के उद्यानों का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए, ताकि यह ऐतिहासिक धरोहर अपने बेहतर और उपयोगी स्वरूप में आ सके।
अल्प वर्षा के दृष्टिगत शहर में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शहर के सभी उपलब्ध जल स्रोतों का सटीक आकलन किया जा रहा है। आगामी समय में जल आवश्यकताओं की निरंतर पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जल स्रोतों को चिन्हित कर एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री राजकुमार हलदर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, संबंधित अधिकारी सहित संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026