*बाढ़ से बचाव एवं राहत उपायों को लेकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक*
*ग्राम हसनपुर एवं कोडारी मजरे ऐमापुर में बाढ़ राहत चौपाल आयोजित की गई*
*रायबरेली-27 अगस्त 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार जनपद में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से बाढ़ राहत चौपालों का आयोजन किया गया।
तहसीलदार महराजगंज मंजुला मिश्रा की अध्यक्षता में ब्लॉक महराजगंज के ग्राम हसनपुर में तथा शिवगढ़ ब्लॉक के कोडारी मजरे ऐमापुर में नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में बाढ़ राहत चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, पशु चिकित्सा विभाग, चिकित्सा विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव, डूबने की घटनाओं की रोकथाम, बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न समस्याओं, आवश्यक सुरक्षा उपायों, सतर्कता एवं राहत व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
ग्रामीणों को विशेष रूप से बच्चों को नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं आपातकालीन सेवाओं से सहायता लेने की अपील की गई।
चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को प्रशासन द्वारा बाढ़ से निपटने के लिए किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी भी दी गई तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना गया।