छुलछुलिया नदी पर 10.09 करोड़ से बनेगा पुल, 25 हजार आबादी को मिलेगी राहत
90.23 मीटर लंबा होगा सेतु, मार्च 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; विधायक अविनाश द्विवेदी ने किया भूमि पूजन
चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र के छुलछुलिया नदी पर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। बुधवार को नाबार्ड-31 योजना के तहत 10.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दीर्घ सेतु, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों का भूमि पूजन किया गया। मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी ने विधि-विधान से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से जारी परियोजना विवरण के अनुसार, पुल की कुल लंबाई 90.23 मीटर होगी। इसके निर्माण पर 1009.81 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पुल का निर्माण तीन स्पैन में 28.25-28.25 मीटर के हिसाब से किया जाएगा। इसमें आरसीसी पाइल फाउंडेशन, आरसीसी सॉलिड पियर और पीएससी बीम का प्रयोग होगा। पुल के पहुंच मार्ग की चौड़ाई 10.50 मीटर फुटपाथ सहित निर्धारित की गई है। नदी का डिजाइन डिस्चार्ज 350 क्यूमेक रखा गया है।
परियोजना के लिए मूल शासनादेश 20 दिसंबर 2025 को जारी हुआ था, जबकि तकनीकी स्वीकृति 26 मार्च 2026 को मिली। परियोजना विवरण में कार्य प्रारंभ करने की तिथि 30 जून 2026 और निर्माण पूरा करने की वास्तविक लक्ष्य तिथि मार्च 2028 निर्धारित की गई है। इसके लिए 504.90 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त होने का उल्लेख भी किया गया है।
इस मौके पर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि छुलछुलिया नदी पर पुल बनना क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत है। पुल बनने से बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास और ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
परियोजना विवरण के मुताबिक, पुल निर्माण से रतनपुर, शेषपुर, चरैया, बजरंगी, बाघा पुरवा , बड़गारी सहित आसपास के गांवों की करीब 25 हजार आबादी लाभान्वित होगी। बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को होने वाली परेशानी कम होगी। किसानों को बाजार तक पहुंचने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी सहूलियत मिलेगी। पुल निर्माण शुरू होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी है। अब लोगों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा होने का इंतजार है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद द्विवेदी राम विश्वास गर्ग जी अजय तिवारी ,शिवअवतार ,शंकर, अंकित सिंह आदि लोग मौजूद रहे