सदर अस्पताल के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले चिकित्सक, डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सोमवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान डॉ. ए.के. नंदा अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिला पदाधिकारी ने अस्पताल अधीक्षक को संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान ‘भव्या’ ऐप के कार्य-निष्पादन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी चिकित्सकों को ऐप पर शत-प्रतिशत मरीजों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा नर्सिंग कर्मियों को मरीजों के वाइटल्स की 100 प्रतिशत एंट्री करने का निर्देश दिया। अस्पताल अधीक्षक को इसकी नियमित निगरानी करने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार उपस्थित रहें। इसके लिए सभी डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया। साथ ही अस्पताल के सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा ‘भव्या’ ऐप पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि कराने का निर्देश दिया। एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा के दौरान एम्बुलेंस एएसओ को जिले के मानचित्र पर एडवांस लाइफ सपोर्ट और बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्धता की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिन मरीजों का उपचार स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर नहीं किया जाए। इसके लिए सिविल सर्जन को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि एक ही विभाग के दो चिकित्सक एक साथ अवकाश पर नहीं रहेंगे। अस्पताल अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।