सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, नोटिस के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर डीएमसी से शिकायत।
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
रेवाड़ी। पंचनद जिला रेवाड़ी के अध्यक्ष केशव चौधरी (बिट्टू) ने शहर के सर्कुलर रोड स्थित चर्च हाउस के नजदीक खसरा नंबर 242 की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में डीएमसी रेवाड़ी को शिकायत देकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में केशव चौधरी ने बताया कि नगर परिषद रेवाड़ी की ओर से 3 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 3112 के तहत अनिल भार्गव को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में आरोप लगाया गया था कि खसरा नंबर 242 की कॉमन पर्पज लैंड पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल बनाकर निर्माण किया जा रहा है, जो हरियाणा नगरपालिका अधिनियम 1973 की धारा 181 का उल्लंघन है। नगर परिषद ने संबंधित व्यक्ति को सात दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी भी दी गई थी। केशव चौधरी का आरोप है कि नोटिस की समयावधि समाप्त होने के बावजूद नगर परिषद की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि विभाग की ओर से कार्रवाई करने के बजाय कब्जाधारी को लगातार समय दिया जा रहा है, जिससे उसे अदालत की शरण लेकर अपना बचाव करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि विभाग की इस ढिलाई से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी कई बार विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने डीएमसी से मांग की है कि खसरा नंबर 242 में नगर परिषद द्वारा बनाई गई सभी संबंधित प्रॉपर्टी आईडी की जांच कर उन्हें नियमानुसार निरस्त किया जाए तथा जिन लोगों के नाम पर ये आईडी बनाई गई हैं, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने शिकायत के साथ नगर परिषद द्वारा जारी नोटिस और संबंधित स्थल की तस्वीरें भी संलग्न की हैं।
Rewari, Rewari | Nov 13, 2026