मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए प्रभावी कार्य करें, एनआरसी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हों, अनुकंपा एवं वेतन निर्धारण के प्रकरण पेंडिंग न रहें — कमिश्नर सागर संभाग
-
कमिश्नर सागर संभाग श्री दिलीप कुमार ने संभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
-
कमिश्नर सागर संभाग श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, सामाजिक न्याय, कोष-लेखा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने बुन्देलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था को दुरुस्त रखने, सीवेज एवं खुली नालियों की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दवा वितरण काउंटर से मरीजों को समय पर दवा मिले। उन्होंने बीएमसी में स्वीकृत यूजी एवं पीजी की सीटों, स्वास्थ्य उपकरणों एवं कैंसर मरीजों के इलाज की जानकारी ली। कैंपस में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। क्रिटिकल केयर यूनिट के तहत बन रहे ऑपरेशन थियेटर की प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ब्लड डोनेशन हेतु जागरूकता बढ़ाने एवं कैंप लगाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कमिश्नर ने मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए प्रभावी कार्य करने, शत-प्रतिशत एएनसी कराने हेतु महिलाओं को प्रोत्साहित एवं जागरूक करने तथा शत-प्रतिशत एचबीएनसी सुनिश्चित करने के निर्देश संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को दिए। उन्होंने एनीमिया को कम करने के कार्य एवं एनीमिया टेस्ट की समीक्षा की। हाईरिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की जानकारी एवं एएनसी चेकअप की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट डेथ को कम करने के लिए प्रभावी कार्य किए जाएं।
कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने संभागीय समीक्षा बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) के संचालन की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संभाग का कोई भी एनआरसी खाली न रहे और सभी एनआरसी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हों। उन्होंने कहा कि चिन्हित कुपोषित बच्चों को एनआरसी में लाना सुनिश्चित किया जाए, भर्ती करने लायक बच्चों की जानकारी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कार्य न करने वाले एनआरसी स्टाफ पर कार्यवाही के निर्देश भी दिए। बैठक में पोषण किट वितरण की जानकारी लेकर जिलेवार पोषण किट वितरित करने के निर्देश दिए। जिलेवार टीबी मरीजों की संख्या और उनको मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए टीबी मरीजों को पूरा इलाज कराने हेतु प्रोत्साहित करने एवं स्क्रीनिंग कैंप लगाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में जिलेवार आंगनबाड़ी के निर्माणाधीन / अधूरे भवनों की समीक्षा की और उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। पोषण आहार एवं टीएचआर वितरण की समीक्षा करते हुए एसएएम-एमएएम बच्चों की समीक्षा की गई। साथ ही मातृ वंदना योजना की जिलेवार प्रगति एवं मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संभाग में चल रहे शासकीय-अशासकीय वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम एवं नशा मुक्ति केंद्रों की जिलेवार सूची बनाकर अपंजीकृत केंद्रों का पंजीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान चलाने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने समीक्षा बैठक में पेंशन शिविर कैंप में निराकृत प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संभाग में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण पेंडिंग न रहें तथा वेतन निर्धारण के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए पेंडेंसी को शून्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सागर संभाग, अधिष्ठाता बीएमसी सागर, संयुक्त संचालक योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी, संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
Tikamgarh, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026